कोलकाता, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)| रॉयल कलकत्ता गोल्फ क्लब में खेले जा रहे मैक्लॉड रसेल टूर चैम्पियनशिप में गुरुवार को पहले राउंड की समाप्ति के बाद थाईलैंड के पारिया जुंहासावासडिकुल ने 6 अंडर 66 का स्कोर कर बढ़त ले ली है। वहीं भारत के खलिन जोशी दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
भारत के ही अमरदीप सिंह मलिक ने 4 अंडर 68 का स्कोर कर तीसरा स्थान हासिल किया।अमरदीप को हालांकि खेलने में काफी मुश्किल हुई। उनकी उंगली में चोट है, जिसके कारण उन्हें खेलने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। अमरदीप के साथ रंजीत सिंह संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।मार्की ग्रुप में खेल रहे भारत के वरिष्ठ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह, अर्जुन अटवाल और ज्योति रंधावा संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे। इन तीनों ने 3 अंडर 69 का समान स्कोर किया।दो बार एशियन टूर का खिताब जीतने वाले पारिया ने अच्छी शुरुआत की और पहले ही होल पर बर्डी लगाई। उन्होंने इसके बाद एक ईगल और तीन बर्डी हासिल किए। थाई खिलाड़ी पहले दिन 13वें होल पर एकमात्र शॉट चूके।थाईलैंड के खिलाड़ी ने कहा, "मैं इस कोर्स पर पहली बार खेल रहा हूं, जिसको देखते हुए यह मेरी अच्छी शुरुआत है। मैंने अधिकतर शॉट सही दिशा में खेले और जब भी मैं ग्रीन से चूका छोटा शॉट लगा पाने की क्षमता ने मुझे बचाया।"खलिन ने अपने रैंकिंग खिताब हासिल करने के अभियान की शानदार शुरुआत की है। उन्होंने पहले राउंड में एक भी बोगी नहीं लगाई और 67 का स्कोर किया। उनके पहले दौर के खेल में आकर्षण का खेल नौवां होल रहा। खलिन नौवें होल पर वन होल पुट हासिल करने से मात्र तीन फुट दूर रह गए। उनका शॉट होल से सिर्फ तीन फीट दूरी पर गिरा। इस होल पर उन्होंने बर्डी लगाई।खालिन इस समय रैकिंग खिताब की रेस में तीसरे स्थान पर हैं। वह शुभंकर शर्मा से पांच लाख की ईनामी राशि से पीछे हैं।--आईएएनएस
|
Comments: