नई दिल्ली, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को अचानक इस्तीफा देने वाले दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामना व्यक्त की। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सरदार आर. पी. सिंह ने आईएएनएस से कहा, "हम उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।"
बतौर उप-राज्यपाल जंग के काम की सराहना करते हुए भाजपा नेता ने कहा, "उन्होंने दिल्ली के लिए ढेरों कार्य किए। उन्होंने दिल्ली की जनता के लिए जो कष्ट उठाए उसके लिए हम उनके आभारी हैं।"भाजपा नेता ने हालांकि नजीब जंग के इस्तीफे को उनका निजी फैसला बताया और कहा, "अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा है कि फिर से अपने पसंदीदा क्षेत्र शिक्षण की ओर लौटना चाहते हैं, यह उनका निजी फैसला है। हम उनके इस फैसले का सम्मान करते हैं।"गौरतलब है कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने के बाद से ही जंग और केजरीवाल के बीच स्थितियां तनावपूर्ण बनी रहीं और गुरुवार को अचानक इस्तीफा देकर उन्होंने सभी को चौंका दिया।जंग नौ जुलाई, 2013 को जब दिल्ली के उप-राज्यपाल बने, तब केंद्र में कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार थी। लोकसभा चुनाव-2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने सरकार बनाने के बाद कई राज्यों में राज्यपालों को बदला, लेकिन नजीब जंग को नहीं हटाया गया।मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी रह चुके नजीब दिल्ली स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय जामिया मीलिया इस्लामिया के कुलपति भी रह चुके हैं।नजीब ने हालांकि इस्तीफे के पीछे कोई वजह नहीं बताई है।--आईएएनएस
|
Comments: