आम आदमी (आप) पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीते दिन मध्य प्रदेश में परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को नोटबंदी की साजिश रचने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने पहले अपना काला पैसा ठिकाने लगवाया, उसके बाद दोस्तों को ठिकाने लगाने को कहा गया।
भोपाल के छोला दशहरा मैदान में जनता को संबोधित करते हुए आप संयोजक केजरीवाल ने नोटबंदी के तौर-तरीके व प्रधानमंत्री की नीयत पर सवाल खड़े किए। केजरीवाल ने कहा कि केन्द्र सरकार ने बिना तैयारी के नोटबंदी की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद देश की जनता कतारों में खड़े होकर अपना पैसा बैंकों में जमा करा रही है, इन्हीं पैसों की बदौलत उद्योगपतियों का आठ लाख करोड़ रूपये का कर्ज माफ किया जाने वाला है। जनता को बैंक में जमा अपना पैसा वापस मिलेगा या नहीं, इसकी गांरटी नहीं है।
भाजपा को पैसों की लालची लोगों की पार्टी बताते हुए आप संयोजक ने कहा कि भाजपा न तो हिंदुओं की पार्टी है और न मुसलमानों की। यह तो सत्ता और पैसों के लालची लोगों की पार्टी है, इनका बस चले तो ये बाप को भी बेचकर खा जाएं शाम तक।
केजरीवाल ने पीएम मोदी की मां द्वारा नोटबंदी के बाद बैंक की कतार में खड़े होकर चार हजार रुपये निकाले जाने का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी जी रोज नाटक करते हैं। अपनी मां को लाइन में लगा दिया चार हजार रुपये के लिए, क्या अच्छा लगता है कि देश के प्रधानमंत्री की मां लाइन में लगे? लानत है ऐसे बेटे को जो अपनी मां को लाइन में लगाता है।
अमीरों की कर्ज माफी को लेकर केजरीवाल ने कहा कि मोदी अपने कुछ और उद्योगपति मित्रों का आठ लाख करोड़ का कर्ज माफ करना चाहते हैं। इसके लिए सारे गरीबों की जमा पूंजी बैंकों में जमा करा ली है। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने पिछले दिनों ही कुछ कारोबारियों का आठ हजार करोड़ का कर्ज माफ किया है। जिनमें विजय माल्या के 1200 करोड़ का कर्ज भी है।
विजय माल्या को देश से भगाने और कर्ज माफ करने पर केजरीवाल ने कहा कि पहले माल्या को देश से भगाया और फिर उसका कर्ज माफ कर दिया। इसी तरह कुछ और कारोबारियों का भी कर्ज माफ करना है, इसी के चलते समूचे देश को कतार में खड़ा कर दिया गया है।
नोटबंदी के बाद गरीब किसान को हो रही परेशानियों को लेकर दिल्ली मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ गरीब, किसान को अपने बेटे-बेटी की शादी के लिए ढाई लाख रुपये नहीं मिल रहे, दूसरी ओर कर्नाटक में मोदी के करीबी जनार्दन रेड्डी 500 करोड़ रुपये अपनी बेटी की शादी में खर्च कर देते हैं।
आप संयोजक ने आयकर विभाग द्वारा बिड़ला और सहारा समूह के ठिकानों पर मारे गए छापों में मिले दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि इन दस्तावेजों के मुताबिक, गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान को रकम दिए जाने का खुलासा हुआ है। यही कारण है कि इन दस्तावेजों की जांच नहीं कराई जा रही है। ये लोग कितने ईमानदार हैं, यह इसी से समझा जा सकता है।
स्रोत- आईएएनएस
|
|
Comments: