रांची, 21 दिसम्बर (आईएएनएस)| रांची पुलिस ने 16 दिसंबर को 19 वर्षीया लड़की से दुष्कर्म और हत्या की वारदात के बारे में कोई भी सुराग देने वाले शख्स को एक लाख रुपये का ईनाम देने की बुधवार को घोषणा की। जिस दिन देश 'निर्भया' की मौत पर शोक जता रहा था, उसी दिन झारखंड की राजधानी में एक अन्य लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म तथा जलाकर हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सदर पुलिस थाना इलाके के बूटी बस्ती के एक घर में इंजीनियरिंग की तृतीय वर्ष की एक छात्रा का शव मिला, जो जला हुआ था।पुलिस ने कहा कि शव पर 'कपड़े नहीं थे और जला' हुआ था। शक जताया जा रहा है कि लड़की से उसके जानकार लोगों द्वारा पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसे जला दिया गया।झारखंड पुलिस ने कहा कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और अपराधियों को न्याय के कठघरे में लाने के लिए उन्होंने उपलब्ध हर संसाधन का इस्तेमाल किया है।बीते पांच दिनों के दौरान हालांकि जांच का कोई परिणाम सामने नहीं आया है, जिसके कारण पुलिस के खिलाफ लोगों का गुस्सा अब फूट पड़ा है।रांची पुलिस ने शनिवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था, लेकिन इसका कोई परिणाम सामने नहीं आया है।इस बीच, फॉरेंसक विशेषज्ञों ने कहा है कि आग के कारण कई सबूत मिट गए। जो भी सबूत बचे थे वे आग को बुझाने के लिए उस पर पानी डालने के बाद मिट गए।घटना के खिलाफ लोगों ने कैंडल मार्च निकालने के साथ ही बूटी इलाके में दुकानों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी बंद किया। आक्रोशित लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर बड़ा आंदोलन चलाने की धमकी दी है।झारखंड सरकार ने पीड़िता के परिजन के लिए तीन लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।पीड़िता के पिता ने पुलिस की जांच पर असंतोष जताया है।--आईएएनएस
|
|
Comments: