पटना, 21 दिसंबर (आईएएनएस)| बिहार के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री सुरेंद्र प्रसाद तरुण का मंगलवार की देर रात यहां निधन हो गया। उनकी उम्र 88 वर्ष थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व शिक्षा मंत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ कराए जाने की घोषणा की है।
प्रसिद्ध पर्यटक क्षेत्र नालंदा के राजगीर के 'भीष्म पितामह' कहे जाने वाले तरुण लंबे समय से बीमार थे। उन्हें इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार रात उनका निधन हो गया।राजगीर निवासी तरुण दो बार बिहार विधानसभा सदस्य चुने गए थे और बिंदेश्वरी दुबे मंत्रिमंडल में शिक्षा मंत्री बनाए गए थे।तरुण ने पत्रकार के रूप में भी काफी दिनों तक काम किया था। उनकी साहित्य में भी गहरी रुचि थी।नीतीश ने अपने शोक संदेश में कहा, "तरुण एक प्रख्यात राजनेता एवं प्रसिद्घ समाजसेवी थे। उनके निधन से न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक क्षेत्रों में भी अपूरणीय क्षति हुई है।"उन्होंने कहा कि उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा, जिसमें सरकार की ओर से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार शामिल होंगे ।मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।--आईएएनएस
|
|
Comments: