भोपाल, 20 दिसंबर (आईएएनएस)| आम आदमी (आप) पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यहां मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में मियां-बीवी जैसे रिश्ते हैं, इसलिए वर्ष 1984 में हुए भोपाल गैस हादसे के पीड़ितों को 32 वर्ष बाद भी न्याय नहीं मिल पाया। यहां के छोला दशहरा मैदान में आयोजित परिवर्तन रैली में केजरीवाल ने भोपाल गैस हादसे का जिक्र किया। छोला क्षेत्र के करीब ही यूनियन कार्बाइड का संयंत्र है, जिससे रिसी जहरीली गैस ने हजारों लोगों को मौत की नींद सुला दिया था और लाखों लोग अब भी कई तरह की बीमारियों से ग्रसित हैं।
केजरीवाल ने आगे कहा कि जब भोपाल गैस हादसा हुआ था, उस समय केंद्र और राज्य में कांग्रेस की सत्ता थी, भाजपा हमेशा कांग्रेस के लोगों को गालियां देती थी, इसलिए उम्मीद की जाती थी कि वे सत्ता में आएंगे तो गैस पीड़ितों को न्याय दिलवाएंगे। लेकिन राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार है और अब तो केंद्र व राज्य दोनों में इन्हीं की सरकार है, फिर भी गैस पीड़ितों को न्याय नहीं मिला है।उन्होंने कहा, "धीरे-धीरे साफ हो रहा है कि ये दोनों पार्टियां एक ही परिवार की तरह हैं, इनमें मियां-बीवी का रिश्ता है, दोनों ने सेटिंग कर रखी है, पांच साल तुम राज करो और पांच साल हम राज करेंगे, दोनों लूटें, जब एक की सत्ता होगी तब वह दूसरे पर कार्रवाई नहीं करेगी।"केजरीवाल ने अपने पहले के दौरों का जिक्र किया और बताया कि 32 वर्ष से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे गैस पीड़ितों का साथ देने के लिए पूर्व में वह कई बार भोपाल आए थे।उन्होंने कहा कि यह दुख की बात है कि अपने ही देश में हुए हादसे का शिकार बने लोगों को 32 वर्ष बाद भी न्याय नहीं मिला। यह देश और राज्य की सत्ता पर काबिज दलों की बेदर्दी के कारण हुआ।--आईएएनएस
|
|
Comments: