पटना, 19 दिसंबर (आईएएनएस)| बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व दिवंगत कांग्रेस नेता सत्येंद्र नारायण सिन्हा की पत्नी और पूर्व सांसद किशोरी सिन्हा का सोमवार को पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं और पिछले कई दिनों से बीमार थीं। किशोरी पिछले दिनों अपने घर में गिर गई थीं, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका सोमवार को निधन हो गया।
बिहार के वैशाली से दो बार सांसद रह चुकीं किशोरी को लोग सम्मान के साथ 'बच्चीजी' कहा करते थे ।पूर्व सांसद के निधन पर बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गहरा शोक जताया है।कोविंद ने पूर्व सांसद के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, "किशोरी सिन्हा समाज में अभिवंचित वर्ग के उत्थान के प्रति समर्पित एक ऐसी आदर्श भारतीय महिला राजनेता थीं, जिन्होंने राजनीति में राष्ट्रसेवा और सिद्धांतों को तरजीह दी।"नीतीश ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि पूरे राजकीय सम्मान के साथ किशोरी सिन्हा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, "सिन्हा एक प्रख्यात राजनेत्री एवं प्रसिद्ध समाजसेवी थीं। उनके निधन से न केवल राजनीतिक, बल्कि सामाजिक क्षेत्रों में भी अपूरणीय क्षति हुई है।"--आईएएनएस
|
|
Comments: