मैरीलैंड, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)| प्यूटरे रिको की सुंदरी स्टेफनी डेल वैले ने मिस वल्र्ड 2016 का खिताब जीत लिया है। डोमिनिकन गणराज्य की सुंदरी पहली उपविजेता और इंडोनेशिया की सुंदरी दूसरी उपविजेता रहीं। भारत की प्रियदर्शिनी चटर्जी शीर्ष 20 सुंदरियों में ही जगह बना पाईं। मिस वर्ल्ड 2015 मिरिया लालागुना रोयो ने यहां एमजीएम नेशनल हार्बर में रविवार को आयोजित प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में 19 वर्षीया स्टेफनी को ताज पहनाया।
स्टेफनी यह खिताब हासिल करने वालीं प्यूटरे रिको की दूसरी सुंदरी हैं। इससे पहले 1975 में प्यूटरे रिको की विलनेलिया मर्सड ने यह खिताब अपने नाम किया था।कार्यक्रम का लाइव सीधा प्रसारण 'जी कैफे' पर किया गया।टेलीग्राफ डॉट को डॉट यूके की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेफनी छात्रा हैं और स्पेनिश, अंग्रेजी तथा फ्रेंच बोलना जानती हैं। वह मनोरंजन के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक हैं।स्टेफनी ने स्पेन की मिस वर्ल्ड 2015 मिरिया लालागुना की ओर से उन्हें ताज पहनाए जाने के बाद इसे 'बड़ा सम्मान' और अपने कैरीबियाई देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए 'बड़ी जिम्मेदारी' करार दिया।स्टेफनी ने केन्या, इंडोनेशिया, डोमिनिकन गणराज्य और फिलीपींस की सुंदरियों को हराकर यह खिताब अपने नाम किया।भारत की प्रियदर्शिनी चटर्जी शीर्ष 20 सुंदरियों में ही जगह बना पाई। उन्हें 'ब्यूटी विद अ परपज' शीर्षक के लिए पांच दावेदारों में शामिल किया गया, लेकिन यहां भी मिस इंडोनेशिया ने बाजी मार ली।इससे पहले भारत की ओर से मिस वर्ल्ड का खिताब प्रियंका चोपड़ा (2000), रीता फारिया (1966), ऐश्वर्य राय (1994), डायना हेडेन (1997) और युक्ता मुखी (1999) ने जीता।दिल्ली की रहने वाली प्रियदर्शिनी गुवाहाटी से हैं। वह पूर्वोत्तर भारत की पहली प्रतिभागी हैं, जिन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। वह समाजशास्त्र की छात्रा हैं।प्रियदर्शिनी ने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के लिए अपने 'इंट्रोडक्शन वीडियो' में कहा कि वह 'उस सभ्यता का प्रतिनिधित्व कर खुश हैं, जो समय जितनी ही पुरानी है; विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं, भाषाओं व धर्मो की भूमि।'यह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का 66वां संस्करण था।मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की शुरुआत 1951 में ब्रिटेन के एरिक मोर्ले ने की थी। यह अब तक चली आ रही सबसे पुरानी अंतर्राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता है। यह मिस यूनीवर्स और मिस अर्थ के अतिरिक्त दुनियाभर में सर्वाधिक चर्चित तीन सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक है।साल 1951 में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता शुरू होने के बाद प्यूटरे रिको एक से अधिक बार इसमें जीत दर्ज करने वाला 17वां देश बन गया है।--आईएएनएस
|
|
Comments: