भोपाल, 16 दिसंबर (आईएएनएस)| मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में वन विभाग के अमले ने नौ नील गायों को पकड़कर जंगल पहुंचा दिया। वन विभाग की ओर से शुक्रवार को जानकारी दी गई कि मंदसौर जिले की सीतामऊ तहसील के इरा गांव में दो चरणों में नौ नील गायों को सुरक्षित पकड़ा गया, और शुक्रवार को गांधी सागर के जंगल में छोड़ा गया। छोड़ी गई नील गायों पर लाल रंग से निशान बनाए गए हैं, ताकि ये जंगल में अलग से पहचान में आ जाएं।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि, नील गाय को खुले में पकड़ने का यह पहला सफल प्रयोग है। कई राज्यों में किसानों की फसल को क्षति से बचाने के लिए नील गायों को पकड़ने की कोशिश की गई परंतु नाकामयाब रहे। वहीं मंदसौर में यह प्रयोग सफल रहा।वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने नील गाय पकड़ने के अभियान में संलग्न अधिकारी-कर्मचारी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए बधाई दी है। डॉ. शेजवार ने कहा कि नील गायों पर काबू पाने से किसानों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, पकड़ी गई नील गायों को घोड़ों और ग्रामवासियों की मदद से शुक्रवार को गांधी सागर के जंगल में छोड़ा गया। यह कार्य वन विभाग के 150 अधिकारी-कर्मचारी 70 ग्रामीण और 30 घोड़ों की मदद से हो सका।--आईएएनएस
|
|
Comments: