नई दिल्ली, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)| ओलम्पिक चैम्पियन कनाडा की एरिका वीब्स और जॉर्जिया के व्लादीमिर खिनचेंगशिविली सहित ओलम्पिक और विश्व चैम्पियनशिप के करीब 30 मौजूदा पदक विजेताओं के भविष्य का फैसला इस बार प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) सीजन-2 के ऑक्शन में होगा। वहीं ओलिम्पिक पदक विजेता साक्षी मलिक सहित 92 भारतीय पहलवान भी इस होड़ में होंगे। शुक्रवार को होने वाले ऑक्शन में रियो ओलिम्पिक में भाग ले चुके करीब 55 खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला होगा।
इस बारे में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने बताया कि इस बार ऑक्शन में करीब 200 देसी और विदेशी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जिनमें दुनिया भर से आए 107 विदेशी और 92 भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं।सिंह ने कहा कि इस बार जॉर्जिया के व्लादीमिर खिनचेंगशिविली, अजरबेजान के अलीयेव हाजी और यूक्रेन की ओक्साना हरहेल के रूप में तीन विश्व चैम्पियन जहां मुख्य आकर्षण होंगे वहीं एरिका वीब्स और व्लादीमिर के रूप में दो ओलिम्पिक चैम्पियन इस आयोजन में चार चांद लगाएंगे।48 किलो वर्ग में रितु फोगट सहित सात भारतीय खिलाड़ियों के रास्ते में तीन बार की ओलिम्पिक मेडलिस्ट अजरबेजान की मारिया स्टैडनिक और रियो की कांस्य पदक विजेता बुल्गारिया की एलिस्ता यानकोवा होंगी। इस वजन में सात भारतीय खिलाड़ी हैं। महिलाओं के सुपर हैवीवेट वर्ग में कनाडा की एरिका वीब, रियो की कांस्य पदक विजेता स्वीडन की जेनी फ्रेनसन और विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता बेलारूस की वैसिलसा मारजाल्यूक अन्य आकर्षण होंगी।वहीं पुरुषों में लंदन ओलिम्पिक के सिल्वर मेडलिस्ट और एशियाई खेलों के मौजूदा चैम्पियन योगेश्वर दत्त सहित एशियाई चैम्पियन संदीप तोमर, विश्व चैम्पियनशिप के पूर्व पदक विजेता बजरंग और अमित दहिया तथा कॉमनवेल्थ गेम्स के रजत पदक विजेता सत्यव्रत कादियान पर फ्रेंचाइजी टीमों की नजरें रहेंगी।पुरुष विदेशी खिलाड़ियों में ओलिम्पिक और विश्व चैम्पियन जार्जिया के व्लादीमिर खिनचेंगशिविली, रियो के रजत पदक विजेता अजरबेजान के तोरगुल असगारोव और विश्व चैम्पियन अलीयेव हाजी मुख्य आकर्षण होंगे।खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया का आयोजन बॉब हेटन करेंगे, जो इससे पहले बैडमिंटन, हॉकी और पीडब्ल्यूएल सीजन 1 की नीलामी सफलतापूर्वक कर चुके हैं। उन्हें नीलामी प्रक्रिया का 35 साल का लम्बा अनुभव है।-- आईएएनएस
|
|
Comments: